बुद्धि की परीक्षा: समस्या या समाधान?
एक बार एक राजा की कोई संतान नहीं थी, उम्र ढलती जा रही थी... बहुत प्रयास किए, कई हकीमों वैद्यों को दिखाया परन्तु नतीजा सिफर रहा।
राजा को चिन्ता सताने लगी कि मेरे बाद राज पाट कौन संभालेगा!
राजा को उपाय सूझा, महल के भीतर एक नया महल बनवाया, उसके मुख्य द्वार पर बीजगणित का एक सूत्र लिखवाया... और पूरे राज्य में मुनादी पिटवाई कि जो भी व्यक्ति इस सूत्र को हल कर लेगा उसके बाद यह द्वार खुल जायेगा। वही इस महल का स्वामी व राज्य का उत्तराधिकारी होगा।
अब पूरे राज्य के बड़े बड़े गणितज्ञ व विद्वान पहुंचने लगे पर कोई भी उस सूत्र को हल नहीं कर सका। राजा की चिन्ता बढ़ने लगी। कुछ दिन बाद प्रयास करने वाले आने बन्द हो गए।
राजा ने पास के राज्यों में भी ढिंढोरा पिटवा दिया, प्रलोभन अच्छा था बहुत से लोग आने लगे पर किसी से भी सूत्र हल नहीं हुआ। धीरे-धीरे लोग आने कम हो गए, एक दिन केवल दो ही लोग पहुंचे जिनमें से एक गणितज्ञ थे और एक साधारण युवक। युवक के जीर्ण शीर्ण वस्त्र देख कर द्वारपाल उसे क्रोधित हो भगाने लगे- "तुम से न हो सकेगा, जाओ"
राजा की दृष्टि पड़ी तो युवक को रुकवाया गया, राजा बोले, "पहले युवक को ही अवसर प्रदान किया जाए।" युवक ने कहा कि पहले विद्वान व्यक्ति को ही अवसर दें, यदि इनसे न हो सका तब प्रयास करूंगा। राजा बोले ठीक है, आप आसन ग्रहण करें।
वह गणितज्ञ शाम ढलने तक प्रयास करता रहा पर कुछ न हुआ। अब युवक को बुलाया गया, युवक ने जाकर द्वार पर हाथ लगा कर धक्का दिया, द्वार खुल गया।
महल करतल ध्वनि से गूंज उठा।
राजा ने पूछा, "आप कैसे कर पाए ?"
युवक ने कहा कि जब विद्वान व्यक्ति पूरे दिन जूझ रहे थे तब मुझे लगा कि यह भी हो सकता है कि ये कोई बीजगणित सूत्र ही न हो। एवम् द्वार पर बुद्धि परखने के लिए लिखा गया हो।
*शिक्षा:-*
जीवन में कई बार हम सभी किसी समस्या से जूझते रहते हैं जबकि वो कोई समस्या होती ही नहीं...!!
इस कहानी से हमें यह शिक्षा मिलती है:
1. सरलता से सोचें: कई बार समस्याएं उतनी जटिल नहीं होतीं जितना हम सोच लेते हैं। समाधान साधारण हो सकता है, बस सही दृष्टिकोण की जरूरत होती है।
2. पूर्वाग्रह से बचें: किसी व्यक्ति की योग्यता को उसके बाहरी स्वरूप से नहीं आंकना चाहिए। सच्ची योग्यता किसी भी रूप में आ सकती है।
3. रचनात्मक सोच अपनाएं: हर समस्या को नए नजरिए से देखने का प्रयास करें। केवल पारंपरिक तरीकों पर निर्भर रहना हमेशा सफल नहीं होता।
4. अवसर का महत्व समझें: जब मौका मिले तो उसे भुनाने का प्रयास करें। समझदारी और धैर्य के साथ सही समय पर कदम उठाना महत्वपूर्ण है।
5. समस्या पर सवाल उठाएं: समस्या को ठीक से समझना और यह जांचना कि क्या यह वाकई समस्या है, बहुत जरूरी है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें